किशनगंज टेढ़ागाछ, मोहम्मद मुजाहीर की रिपोर्ट।
टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत धवेली पंचायत के वार्ड संख्या 11 और 12 में कई गरीब लाभार्थी प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के लाभ से अब तक वंचित हैं।
पूर्व मुखिया निजामुद्दीन ने बताया कि पात्र और कमजोर लोग लगातार प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और आवास सहायक के दफ्तर का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उनके बैंक खातों में योजना की राशि नहीं पहुंची है।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर संबंधित जनप्रतिनिधि भी इस गंभीर मामले को संज्ञान में नहीं ले रहे हैं और केवल टाल-मटोल कर रहे हैं। एक ओर प्रधानमंत्री गरीबों को आवास योजना का लाभ देने की घोषणा करते हैं, वहीं दूसरी ओर भ्रष्टाचार और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण असली जरूरतमंद आज भी लाभ से वंचित हैं।
निजामुद्दीन ने बताया कि यह समस्या पिछले एक वर्ष से बनी हुई है, लेकिन आज तक लाभार्थियों को कोई राहत नहीं मिली है। इससे लाभार्थियों में निराशा और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।
