टेकारी में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, बेटी ने पड़ोसियों पर लगाया आरोप

गया। टेकारी अनुमंडल के पंचानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लभरा गांव में गुरुवार की शाम एक मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान लभरा गांव निवासी अमरेश गोस्वामी के रूप में हुई है। शुक्रवार की दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

मृतक की बेटी संगीता कुमारी ने गंभीर आरोप लगाया है कि पड़ोस के लोगों ने ही उसके पिता की हत्या की है। संगीता के अनुसार, गांव में पास ही एक दो मंजिला मकान का निर्माण चल रहा था, जिसमें उसके पिता मजदूरी कर रहे थे। ढलाई की सेंटरिंग खोलने के दौरान एक पटरा गिरकर पड़ोस के घर में जा गिरा और वहां मौजूद महिला को हल्की चोट लगी। इस पर अमरेश गोस्वामी ने तुरंत माफी मांग ली, लेकिन इसके बावजूद पड़ोस के सुरेंद्र, लालू और योगेश समेत कई लोग एकजुट हो गए और लाठी-डंडे से मजदूर की बेरहमी से पिटाई कर दी।

गंभीर रूप से घायल अमरेश को इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार की सुबह उनकी मौत हो गई। बेटी संगीता का आरोप है कि इलाज के दौरान बनाए गए कागजों में मौत का कारण “एक्सीडेंट और प्वाइजनिंग” बताया गया है, जबकि सच्चाई यह है कि उसके पिता की मौत पिटाई से हुई है। उसने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी लोग मामले को मैनेज करने का दबाव बना रहे हैं।

वहीं पुलिस ने कहा है कि मृतक के परिजन यदि आवेदन देंगे तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!