ठाकुरगंज:पवित्र रमज़ान माह के आखिरी जुमे के अवसर पर ठाकुरगंज प्रखंड के विभिन्न हिस्सों में अलविदा जुमा की नमाज़ बड़े अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। शहर की मरकजी जामा मस्जिद सहित कई मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी और हजारों लोगों ने एक साथ अलविदा जुमा की नमाज़ अदा की।

मरकजी जामा मस्जिद में नमाज़ के बाद मौलाना जहुरुल इस्लाम ने विशेष दुआ कराई। उन्होंने मुल्क की हिफाज़त, अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे के लिए सामूहिक रूप से दुआ मांगी। नमाजियों ने भी हाथ उठाकर देश में शांति और खुशहाली की दुआ की।
इस मौके पर कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। नगर अध्यक्ष सिकंदर पटेल, राजद नेता मुश्ताक आलम,जिला परिषद क्षेत्र संख्या 13 के उमीदवार नजमुल हसनैन उर्फ ज़की, पूर्व नगर अध्यक्ष देवकी अग्रवाल, समाजसेवी राजेश करनानी समेत दर्जनों सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने भी नमाज़ के बाद लोगों से मुलाकात की और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
अलविदा जुमा के अवसर पर मस्जिदों के आसपास सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी सतर्क नजर आया। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को रमज़ान की बरकतों की दुआ दी और आगामी ईद की खुशियों की तैयारी में जुट गए।
