ठाकुरगंज: ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत बांसबाड़ी गांव में उर्स दलीमी का आयोजन बड़े ही धार्मिक उत्साह और अकीदत के साथ किया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज से आए उलेमा-ए-कराम, नातखां, सायर और क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने जलसे को खास बना दिया।
इस मौके पर जिला परिषद प्रत्याशी क्षेत्र संख्या 13 के पत्रकार नजमुल हसनैन उर्फ ज़की भी विशेष रूप से शामिल हुए और आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम की सदारत मौलाना मो. अफाक आलम मिस्बाही ने की। नक़ाबत की जिम्मेदारी मौलाना बुलंद हाशमी ने बखूबी निभाई। जलसे की शुरुआत हाफिज व कारी शादाब रजा की तिलावत-ए-कुरआन से हुई, जिसने माहौल को रूहानी बना दिया।
नातिया कलाम पेश करने वालों में मौलाना अकमल रजा नईमी और गुलाम हसन शामिल रहे, जिन्होंने अपने कलाम से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। सायरे इस्लाम आमिर रजा बिस्मिल और शाह जमाल ने भी अपने अशआर से महफिल में चार चांद लगा दिए।
इसके अलावा कारी वाशी अहमद रजवी, मौलाना इमामुद्दीन शाहब और मौलाना अरफाज जिलानी ने भी तकरीर कर लोगों को दीन-ए-इस्लाम की शिक्षा, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पंचायत समिति प्रत्याशी क़ौसर राजा मेहमुद्दीन सहित मुमताज, अजित, अलाउद्दीन, फुरकान आलम और इफ्तेखार समेत गांव के कई गणमान्य व्यक्ति और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उर्स दलीमी के इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की और अमन-चैन, तरक्की व खुशहाली की दुआएं मांगीं। आयोजकों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
