ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत कनकपुर पंचायत में लगातार बारिश के कारण जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थिति यह है कि कई घरों में बरसात का पानी घुस गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पंचायत के जामनिगुरी गांव समेत कई इलाकों में पानी भरने से दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। घरों के आंगन और कमरों तक पानी घुस जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ परिवारों का कहना है कि पानी भर जाने से उनके घरों में चूल्हा तक नहीं जल सका, जिससे वे खाना बनाने में असमर्थ रहे।
खास बात यह है कि कनकपुर पंचायत स्थित पेट्रोल पंप भी जलजमाव से प्रभावित हुआ है। पेट्रोल पंप परिसर में पानी भर जाने से चारों ओर छप-छप की स्थिति हो गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र राहत और जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते उपाय नहीं किए गए तो बीमारियों के फैलने का खतरा और भी बढ़ सकता है।
