ठाकुरगंज प्रखंड के कनकपुर पंचायत में 11 रमजान के पावन अवसर पर राजद नेता सह पूर्व प्रमुख मुस्ताक आलम ने अपने निजी आवास पर जरूरतमंदों के बीच राशन सामग्री का वितरण किया। यह कार्यक्रम उनके पिता की बरसी के मौके पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
राशन वितरण कार्यक्रम के तहत पंचायत क्षेत्र की गरीब विधवाओं, विधुरों एवं अन्य जरूरतमंद परिवारों को चीनी, चना, दूध, बेसन, सेवई, मुरी (लाई), कपड़े सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। सहायता पाकर लाभुकों ने खुशी जाहिर की और मुस्ताक आलम के इस सामाजिक पहल की सराहना की।
इस अवसर पर मुस्ताक आलम ने सभी देशवासियों को पवित्र माह रमजान की मुबारकबाद दी और अग्रिम ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना भाईचारे, सहानुभूति और जरूरतमंदों की मदद का संदेश देता है।
उन्होंने इलाके के अहले-निशाब (संपन्न) लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास के गरीब, विधवा और मजलूम लोगों की सहायता के लिए आगे आएं और अपनी आय का एक हिस्सा जरूरतमंदों की भलाई में खर्च करें।
मुस्ताक आलम ने कहा कि समाज के सक्षम वर्ग को आगे बढ़कर कमजोर तबके का सहारा बनना चाहिए। तभी समाज में वास्तविक खुशहाली और समानता स्थापित हो सकती है।
