क्रिकेट मैच देखने गए छात्र की शिक्षक ने की पिटाई, स्कूल में हंगामा

ठाकुरगंज।  आदर्श मध्य विद्यालय में एक शिक्षक द्वारा 11 वर्षीय छात्र की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में छात्र आयान के हाथ में गंभीर चोट आई है। घटना के विरोध में परिजनों ने विद्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। बाद में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद शिक्षक द्वारा माफी मांगने पर मामला शांत हुआ।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को  आयान विद्यालय की कक्षा में उपस्थित नहीं था। इसी दौरान विद्यालय के अधीनस्थ गांधी मैदान में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट का मैच देखने चला गया था। खेल के दौरान क्रिकेट की गेंद विद्यालय परिसर में चली गई। गेंद लाने के लिए आयान स्कूल प्रांगण में प्रवेश कर गया।

बताया जाता है कि इसी दौरान एक शिक्षक की नजर उस पर पड़ी। आरोप है कि शिक्षक ने उसे कक्षा में अनुपस्थित रहने पर डांटते हुए कथित रूप से पिटाई कर दी। पिटाई से छात्र के हाथ में गंभीर चोट आई।

घर पहुंचने पर जब आयान ने रोते-बिलखते परिजनों को घटना की जानकारी दी, तो वे आक्रोशित हो उठे। बड़ी संख्या में स्वजन और स्थानीय लोग विद्यालय पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करने लगे।

सूचना मिलते ही मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उनके आग्रह पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) अवधेश कुमार शर्मा भी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने घायल छात्र से घटना की जानकारी ली तथा दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की पहल पर संबंधित शिक्षक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए छात्र व उसके परिजनों से माफी मांगी। इसके बाद मामला शांत हुआ।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मुख्य पार्षद ने विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखते हुए छात्रों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!