आरपीएफ-जीआरपी की कार्रवाई से भागलपुर में ट्रेन लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश ,एक करोड़ के जेवरात बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार।
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार ।
भागलपुर में रेल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त छापेमारी में ट्रेनों में यात्रियों से लूटे गए भारी मात्रा में जेवरात बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद जेवरात की बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
रेल एसपी विद्यासागर ने बताया कि जीआरपी को गुप्त सूचना मिली थी कि हावड़ा की ओर जाने वाली ट्रेनों में चोरी और लूट करने वाला एक गिरोह सक्रिय है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संजय यादव नामक संदिग्ध के पास से एक ब्लेड बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में संजय यादव ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर बबरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी की गई जहां मकान के तहखाने से बड़ी मात्रा में लूटे गए जेवरात बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी संजय यादव मुंगेर जिले के बरियारपुर का रहने वाला है जबकि दूसरा आरोपी पलटू मंडल खगड़िया जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार दोनों पिछले लगभग तीन वर्षों से अपने गिरोह के साथ ट्रेनों में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
रेल एसपी ने बताया कि पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और सरगनाओं के नाम भी सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा होने की संभावना है।
बाईट -विद्या सागर, रेल एसपी
