रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार।।
भागलपुर जिले के खरीक थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों द्वारा एक स्कॉर्पियो गाड़ी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित सिंटू कुमार के आवेदन पर खरीक थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, लेकिन चोरी की घटना के आठ दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस को अब तक न तो गाड़ी का कोई सुराग मिल सका है और न ही चोरों के संबंध में कोई ठोस जानकारी हाथ लगी है।
पीड़ित सिंटू कुमार (उम्र 35 वर्ष), पिता सीताराम सिंह, ग्राम अमभो, थाना खरीक, जिला भागलपुर निवासी ने बताया कि वे अपने मामा बनारसी सिंह, पिता स्वर्गीय पांचो सिंह, ग्राम गेड़ावाली, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार की स्कॉर्पियो गाड़ी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके मामा ने 17 नवंबर 2025 को रोज़गार के उद्देश्य से उक्त स्कॉर्पियो गाड़ी उन्हें सौंपी थी। चोरी हुई गाड़ी का पंजीकरण संख्या BR11PE-2002 है। गाड़ी का चेसिस संख्या MA1TARTOXU2053215 तथा इंजन संख्या TDJ4D89863 बताया गया है। गाड़ी का रंग सफेद है।
पीड़ित के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को सुबह करीब 10 बजे वे गाड़ी लेकर ग्राम श्रीपुर, नवगछिया गए थे। वहां से भाड़ा लेकर विभिन्न स्थानों पर जाने के बाद रात करीब 10 बजे घर लौटे। प्रतिदिन की तरह उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 से कुछ ही दूरी पर, मुर्गा फोरम के पास गाड़ी खड़ी कर ताला लगा दिया और घर जाकर सो गए। अगले दिन सुबह करीब 6 बजे जब वे जागे तो देखा कि गाड़ी वहां से गायब थी।
इसके बाद उन्होंने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। मामले की सूचना मिलने पर खरीक थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि स्कॉर्पियो गाड़ी पूर्णिया से लगभग 9 लाख रुपये में खरीदी गई थी, जो फाइनेंस के माध्यम से ली गई थी।
पुलिस का कहना है कि आसपास के इलाकों में लगे बंद परिपथ दूरदर्शन (सीसीटीवी) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक चोरी गई स्कॉर्पियो के संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है, जिससे पीड़ित एवं उसके परिजन काफी परेशान हैं।
