बिलासपुर। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के तहसील पचपेड़ी अंतर्गत ग्राम ओखर स्थित श्री वासुदेव गौशाला सेवा समिति पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गौशाला में रखी गई गाएं व बछड़े चारे और देखरेख के अभाव में दम तोड़ रहे हैं।

ग्राम पंचायत ओखर के ग्रामीणों ने बताया कि समिति द्वारा बाहर से लाकर गौशाला में रखे गए लावारिस गौ-वंशों को सही तरह से भोजन-पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। हालात इतने बदतर हैं कि कई गाएं भूख से तड़प-तड़पकर मर चुकी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रबंधक गायों को बिना देखरेख खुले जंगल और खेतों में छोड़ देते हैं, जिससे पशु किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों ने कई बार प्रबंधक से शिकायत कर चारा-पानी की व्यवस्था करने और गौ-वंशों को खुले में न छोड़ने की मांग की, मगर हर बार सिर्फ आश्वासन मिला।
ओखर के ग्रामीणों ने हाल ही में गौशाला में छापा मारा, जहां उन्हें मृत पड़ी गाएं और बछड़े मिले। ग्रामीणों ने इसे गौ सेवा के नाम पर घोर लापरवाही और भक्षण करार दिया।
ग्रामीणों की मांग है कि जिला प्रशासन इस मामले की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करे और गौ-वंशों के लिए उचित चारा-पानी और देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करे।
