और मातारानी हुईं मेहरबान, जिछो में रावण दहन भव्य आयोजन के साथ संपन्न

जिछो वाली प्राचीन दुर्गा मंदिर परिसर में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी

संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।

भागलपुर। शहर के ऐतिहासिक एवं प्राचीन जिछो दुर्गा मंदिर परिसर में शुक्रवार को विजयादशमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। संध्या कालीन पूजा-अर्चना और महाआरती के बाद पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

दिन भर मौसम में बारिश की आशंका बनी रही, जिससे मेले में दुकानदार चिंतित थे, लेकिन जैसे ही मातारानी की आरती संपन्न हुई, प्रकृति भी मेहरबान हो गई। देखते ही देखते मेले में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की अपार भीड़ उमड़ पड़ी।

इस भव्य आयोजन की परंपरा को वर्षों से शहर के चर्चित समाजसेवी श्री दीपक सिंह आगे बढ़ा रहे हैं। आज रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन श्री मंजीत सिंह और लोदीपुर थाना अध्यक्ष श्री घनश्याम कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर थाना अध्यक्ष ने युवाओं को विशेष रूप से अवैध नशे से दूर रहने की नसीहत दी।

कार्यक्रम के संयोजक श्री दीपक सिंह ने अपने संबोधन में मानवाधिकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “गुरुजी के हाथ से छड़ी छीन ली गई, पुलिस प्रशासन के हाथ से डंडा छीन लिया गया, फिर भी हम समाज की सेवा में अनवरत लगे हैं।” उन्होंने युवाओं से शिक्षा को हथियार बनाकर ऊँचाइयाँ छूने का आह्वान किया और नशे की गिरफ्त से बचने की अपील की।

वहीं, विशनपुर जिछो पंचायत के मुखिया श्री आशुतोष महलदार ने भी युवाओं को जागरूक करने वाला संदेश दिया और समाज में भाईचारे व सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

भव्य रावण दहन और मेले के सफल आयोजन से पूरा क्षेत्र उल्लास और उत्सव के रंग में रंग गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!