पत्नी व दो बच्चों के अपहरण का आरोप, 95 हजार नकद व जेवर गायब

पत्नी व दो बच्चों के अपहरण का आरोप, 95 हजार नकद व जेवर गायब

घनश्यामपुर :घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से एक युवक ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के अपहरण का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित रवि कुमार यादव, जो दिल्ली में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है, ने आवेदन में बताया कि 2 अप्रैल को वह दिल्ली में था। इसी दौरान गांव के लोगों ने उसे फोन कर सूचना दी कि उसकी पत्नी कंचन कुमारी अपने दो बच्चों—आर्यन कुमार और अनाया—को साथ लेकर घर से काफी सामान के साथ निकल गई है।

पीड़ित के अनुसार, 4 अप्रैल को गांव पहुंचने पर उसे जानकारी मिली कि पाली गांव निवासी शिक्षक फखरुल इस्लाम उर्फ मास्टर मुन्ना (मध्य विद्यालय नवटोलिया से संबद्ध) के पुत्र नुरुल हौदा ने बहला-फुसलाकर उसकी पत्नी और बच्चों का अपहरण कर लिया है।

रवि कुमार यादव ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले 8 फरवरी को भी उक्त व्यक्ति उसकी पत्नी और बच्चों को बहला-फुसलाकर दिल्ली ले गया था, जहां पुलिस की कार्रवाई के बाद उन्हें बरामद किया गया था।

आवेदन में यह भी उल्लेख है कि 5 अप्रैल को जब वह आरोपी के घर पहुंचा और पूछताछ की, तो परिजनों ने टालमटोल करते हुए कहा, “जो करना है कर लो, थाना-कचहरी हम देख लेंगे।” पीड़ित के अनुसार, घर की जांच करने पर 95 हजार रुपये नकद और करीब दो भर सोने के जेवर भी गायब पाए गए।

इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!