किशनगंज: भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा रविवार को किशनगंज में पारंपरिक रीति-रिवाजों और श्रद्धा के साथ निकाली गई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की प्रतिमाओं को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया।
रथ यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे यात्रा मार्ग पर ‘जय जगन्नाथ’ और ‘हरि बोल’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने रथ का स्वागत किया और भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने अपने परिवार के साथ भगवान जगन्नाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने रथ की रस्सी खींचकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। विधायक ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा भारतीय सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है, जो समाज में आस्था, भाईचारे और एकता का संदेश देता है।
रथ यात्रा के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित संचालन के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
