डेस्क बिहार भागलपुर
29-11-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा
भागलपुर बिहार
विक्रमशिला सेतु की बदलेगी सूरत, 126.25 करोड़ से चल रहा मरम्मत कार्य; मंत्री ने लिया जायजा, जल्द जनता को समर्पित करने का लक्ष्य
चार स्टील गर्डर ब्रिज की लॉन्चिंग पूरी, 20 एक्सपेंशन ज्वाइंट और 22 बेयरिंग बदले गए; सेतु को मजबूत और सुरक्षित बनाने में जुटा पथ निर्माण विभाग
भागलपुर सहित आस-पास के कई जिलों की लाइफलाइन माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मत कार्य को लेकर सरकार ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है।
सेतु की संरचनात्मक मजबूती और आवागमन को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चल रहे कार्यों का पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और अब तक पूरी हुई मरम्मत की जानकारी ली। मंत्री ने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मत के लिए सरकार की ओर से 126.25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस राशि से पुल के विभिन्न हिस्सों की तकनीकी मरम्मत, संरचनात्मक मजबूती, बेयरिंग और एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने सहित कई महत्वपूर्ण कार्य कराए जा रहे हैं। विभाग का लक्ष्य मरम्मत कार्य जल्द पूरा कर सेतु को फिर से बेहतर और सुरक्षित आवागमन के लिए जनता को समर्पित करना है।
चार स्टील गर्डर ब्रिज की लॉन्चिंग पूरी, डेक शीट लगाने का काम जारी
निरीक्षण के दौरान सामने आई कार्य प्रगति के अनुसार, सेतु पर चार स्टील गर्डर ब्रिज की लॉन्चिंग का काम पूरा कर लिया गया है। अब चारों स्पैन पर डेक शीट लगाने का कार्य चल रहा है। इसके अलावा IIT पटना की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर नेविगेशनल स्पैन को मजबूत बनाने के लिए रेट्रोफिटिंग और स्ट्रेंथनिंग का काम भी जारी है।
विक्रमशिला सेतु के सभी 67 स्पैन के एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने की योजना है। इसमें अब तक 20 एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने का काम पूरा हो चुका है। वहीं, नेविगेशनल स्पैन में कुल 40 बेयरिंग में से 22 बेयरिंग बदले जा चुके हैं।
नॉन-नेविगेशनल स्पैन में भी बेयरिंग बदलने और उनकी मरम्मत का काम किया जा रहा है। इसके तहत एक बेयरिंग बदला गया है और निर्धारित मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया है।
पुल का वजन कम करने के लिए हटाए जा रहे पुराने फुटपाथ और रेलिंग
सेतु की संरचनात्मक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए उसका भार कम करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत पुराने फुटपाथ और रेलिंग को हटाकर उनकी जगह हल्के वजन वाली नई रेलिंग लगाने का कार्य प्रगति पर है। साथ ही सेतु और एप्रोच रोड की सड़क सतह को बेहतर बनाने के लिए राइडिंग क्वालिटी पर काम किया जा रहा है, ताकि निर्धारित मानकों के अनुरूप आवागमन की सुविधा सुनिश्चित हो सके।
मंत्री बोले- जल्द पूरा होगा काम, जनता को मिलेगी सुरक्षित आवागमन की सुविधा
निरीक्षण के बाद पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार राज्य की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचनाओं को सुरक्षित, मजबूत और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। विक्रमशिला सेतु भागलपुर और आस-पास के क्षेत्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसकी मरम्मत और पुनर्स्थापन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पथ निर्माण विभाग लगातार कार्य की निगरानी कर रहा है। कोशिश है कि सभी आवश्यक तकनीकी और मरम्मत कार्य जल्द से जल्द पूरे कर सेतु को जनता को समर्पित किया जाए।
मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद विक्रमशिला सेतु से गुजरने वाले लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे भागलपुर के साथ आस-पास के इलाकों की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
