कटिहार: NEET पेपर लीक- कटिहार में छात्रों का प्रोटेस्ट: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, महागठबंधन नेताओं ने भी बोला हल्ला
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
सोमवार को कटिहार में छात्रों ने NEET पेपर लीक मामले के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को धरना स्थल से हटाए जाने का भी विरोध किया गया।
प्रदर्शन में महागठबंधन के नेता भी शामिल हुए, जिन्होंने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग की।
प्रदर्शन की शुरुआत नगर भवन से हुई। छात्र-छात्राएं और महागठबंधन के नेता हाथों में बैनर-पोस्टर लिए पैदल मार्च करते हुए शहीद चौक पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने और पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग उठाई।
राजद नेता समरेंद्र कुणाल, राजद जिलाध्यक्ष इशरत प्रवीण और कांग्रेस नेता प्रेम राय ने इस दौरान कहा कि दिल्ली से बिहार तक छात्र आंदोलन जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार अराजकता बढ़ रही है, जिससे विश्वविद्यालय और कॉलेजों की स्थिति चिंताजनक है।
नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राओं ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का विरोध करना नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित कराना है।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है। छात्रों ने निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।
