संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
चार दिनों तक चली दिमागी बाजियों, रणनीति और शह-मात के रोमांच के बाद बिहार राज्य अंडर-13 ओपन एवं गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप 2026 का रविवार को भव्य समापन हो गया। कटिहार जिला चेस एसोसिएशन द्वारा ऑल बिहार चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के 19 जिलों से आए करीब 95 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। ओपन में देवांश व गर्ल्स में मोहिनी चैंपियन रही।
आयोजन में लियो क्लब ऑफ कटिहार टाउन का विशेष सहयोग रहा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद तारिक अनवर एवं मेयर उषा देवी अग्रवाल मौजूद रहीं। जिप अध्यक्ष रश्मि सिंह ने विजेता को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के गर्ल्स वर्ग में छह राउंड के मुकाबले के बाद छपरा की मोहिनी पंडित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पटना की आराध्या प्रकाश उपविजेता रहीं। जबकि मुजफ्फरपुर की अग्रिमा राज तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं ओपन वर्ग में सात राउंड तक चले रोमांचक मुकाबलों में पटना के देवांश केशरी विजेता बने। किशनगंज के सुरनॉय दास दूसरे तथा दरभंगा के हर्षवर्धन सिंह तीसरे स्थान पर रहे। समारोह के दौरान आयोजकों ने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होने से जिले में शतरंज के प्रति बच्चों का रुझान तेजी से बढ़ा है। मेयर उषा देवी अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन जिले को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग जारी रहेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन के सचिव प्रत्यूष कुमार, कोषाध्यक्ष राकेश चौधरी, सहसचिव सत्यम समदर्शी सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
