कटिहार स्टेशन से प्रतिबंधित शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
कटिहार: कटिहार पूर्व आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने सोमवार को कटिहार रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान एक शराब तस्कर को भारी मात्रा में प्रतिबंधित शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान कटिहार शहर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 24, बैगना निवासी दिलीप साहा के पुत्र टुनटुन साह उर्फ मनोज कुमार साहा के रूप में हुई है। आरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने स्टेशन पर जांच के दौरान उक्त आरोपी को रंगे हाथों दबोचा।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से कुल 64 बोतलें प्रतिबंधित शराब की बरामद की गईं, जिसमें 60 पीस बियर केन और 4 पीस ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की के टेट्रा पैक शामिल हैं। जब्त की गई कुल 30.720 लीटर शराब की अनुमानित कीमत 7,160 रुपये आंकी गई है। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद सब-इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार के लिखित आवेदन पर आरोपी और जब्त शराब को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना प्रभारी को सौंप दिया गया है, जहां पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य धंधेबाजों का पता लगाने के लिए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। इस संबंध में जीआरपी थाने में आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत कांड संख्या 129/2026 दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
