डेस्क बिहार भागलपुर
19-11-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा
भागलपुर बिहार
भागलपुर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में शुरू हुई इनडोर सेवा, अब भर्ती होकर होगा इलाज
भागलपुर के मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे इंतजार के बाद 19 नवंबर से जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल परिसर स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इनडोर सेवा यानी वार्ड संचालन शुरू हो गया है। अब मरीज यहां भर्ती होकर बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
भागलपुर विधायक रोहित पांडेय ने विधिवत रूप से इनडोर सेवा का उद्घाटन किया। अस्पताल के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत 200 बेड की क्षमता वाला अस्पताल तैयार किया गया है जिसमें फिलहाल 160 बेड उपलब्ध कराए गए हैं।
यहां कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरो सर्जरी, न्यूरो सर्जरी और प्लास्टिक सर्जरी विभाग में मरीजों को भर्ती कर इलाज की सुविधा मिलेगी। इससे पहले यहां केवल ओपीडी, एमआरआई, ईको और डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध थी।विधायक रोहित पांडेय ने कहा कि डॉक्टरों की कमी के कारण इनडोर सेवा शुरू होने में देरी हुई थी लेकिन अब काफी हद तक कमी दूर कर ली गई है। शेष कमियों को भी एक से दो महीने में पूरा कर लिया जाएगा।उद्घाटन के बाद मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया। विधायक ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों से उनका हालचाल भी जाना। इनडोर सेवा शुरू होने से भागलपुर सहित आसपास के जिलों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
