राजकीय बालिका इंटर विद्यालय में माहवारी स्वच्छता, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840

राजकीय बालिका इंटर विद्यालय में माहवारी स्वच्छता, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

*बालिका दिवस प्रतियोगिताओं की 13 विजेता छात्राएं सम्मानित, 50 छात्राओं के बीच MHM किट का वितरण*

भागलपुर, 19 नवंबर 2026। महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन (DHEW) के माध्यम से आज राजकीय बालिका इंटर विद्यालय, भागलपुर में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन तथा बालिकाओं के सर्वांगीण सशक्तीकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, ICDS श्रीमती अनुपमा कुमारी ने छात्राओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता, सैनिटरी पैड के उचित उपयोग, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने माहवारी से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों एवं झिझक को दूर करते हुए इसे सामान्य जैविक प्रक्रिया के रूप में समझने की अपील की। साथ ही बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कम उम्र में विवाह बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता के अवसरों को प्रभावित करता है। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर श्री तबरेज खान ने बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए इनके उन्मूलन में परिवार, विद्यालय एवं समाज की सामूहिक सहभागिता को आवश्यक बताया। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी देते हुए छात्राओं को किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा बाल विवाह की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

फाइनेंशियल लिटरेसी स्पेशलिस्ट श्री अभिषेक सुमन ने छात्राओं को वित्तीय साक्षरता एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बचत की आदत विकसित करने, बैंकिंग सेवाओं की जानकारी रखने तथा धन का उचित प्रबंधन करने पर बल दिया। उन्होंने छात्राओं को जीवन में स्पष्ट वित्तीय लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, जेंडर स्पेशलिस्ट श्री विवेक कुमार ने महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत संचालित कामकाजी महिला छात्रावास ‘आकांक्षा’ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस छात्रावास का उद्देश्य कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने छात्राओं से अपने परिचितों एवं जरूरतमंद महिलाओं तक इस सुविधा की जानकारी पहुंचाने की अपील की।

इस अवसर पर माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के तहत लगभग 50 छात्राओं के बीच MHM (Menstrual Hygiene Management) किट का वितरण किया गया। इसके माध्यम से छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान बालिका दिवस के अवसर पर पूर्व में आयोजित साइकिल रेस, निबंध लेखन, वाद-विवाद एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कुल 13 छात्राओं को जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, ICDS श्रीमती अनुपमा कुमारी द्वारा पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में निरंतर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में श्रीमती अनुपमा कुमारी ने उपस्थित छात्राओं को बाल विवाह एवं दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा तथा सुरक्षित एवं समानतापूर्ण समाज के निर्माण के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने छात्राओं से अपने परिवार एवं समाज में भी इन विषयों पर जागरूकता फैलाने की अपील की।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिकाओं के संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण सशक्तीकरण के उद्देश्य से इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!