नवगछिया में ऊर्जा मंत्री के पैतृक गांव में टूटा तटबंध, 70-80 मीटर तक हुआ कटाव
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
भागलपुर नवगछिया खरीक प्रखंड के राघोपुर गांव में सोमवार की अहले सुबह राघोपुर-नरकटिया तटबंध में अचानक बड़ा कटाव होने से इलाके में हड़कंप मच गया। बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री एवं गोपालपुर विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल के पैतृक गांव में जल संसाधन विभाग के कैंप कार्यालय के समीप रात करीब तीन बजे तटबंध का एक हिस्सा टूट गया शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 70 से 80 मीटर तक तटबंध प्रभावित हुआ है तटबंध टूटने के बाद गंगा का पानी आसपास के इलाकों में तेजी से फैलने लगा, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग के अभियंता और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कटाव निरोधी एवं मरम्मत का काम शुरू कर दिया। ग्रामीण भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर जिलाधिकारी अलंकृता पांडे, नवगछिया एसपी वैभव शर्मा और नवगछिया एसडीपीओ अनिकेत अमर के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी भागलपुर जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने बताया कि जल संसाधन विभाग की टीम रात से ही तेजी से कटाव निरोधी कार्य में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि तेज धारा के कारण कटाव हुआ है, जिस पर तत्काल काम शुरू करा दिया गया है। प्रशासन की पूरी टीम मौके पर मौजूद है और जरूरत पड़ने पर राहत कार्य भी कराया जाएगा फिलहाल सबसे बड़ी चिंता तटबंध टूटने के बाद पानी के तेजी से फैलाव को लेकर है आसपास के निचले इलाकों में पानी पहुंचने की आशंका के बीच ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीम मरम्मत कार्य में जुटी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि तटबंध को कितनी जल्दी पूरी तरह सुरक्षित किया जा सकेगा और बाढ़ के पानी के फैलाव को रोका जा सकेगा।
