राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर प्रधान जिला जज ने की थाना प्रभारियों के साथ बैठक

डेस्क बिहार भागलपुर
26-11-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा
भागलपुर बिहार

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर प्रधान जिला जज ने की थाना प्रभारियों के साथ बैठक

बांका व्यवहार न्यायालय, बांका के सभागार में बुधवार (25 नवंबर) को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), बांका सत्य भूषण आर्य की अध्यक्षता में जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव श्रीमती सपना रानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली इस वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा करना था। इस दौरान प्रधान जिला जज श्री आर्य ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित जो भी नोटिस थानों को प्राप्त हुए हैं, उनका तामिला हर हाल में निर्धारित समय सीमा के भीतर वादकारियों को कराना सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन आपसी सुलह-समझौते के आधार पर हो सके।
बैठक में जानकारी देते हुए प्राधिकार की सचिव श्रीमती सपना रानी ने बताया कि 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अब तक कुल 2,500 वादों को चिन्हित किया गया है। इनमें से 1,910 वादों में न्यायालय द्वारा संबंधित पक्षकारों (वादकारियों) को नोटिस जारी किया जा चुका है। इन नोटिसों का तामिला स्थानीय थाना प्रभारियों एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों (पी.एल.वी.) के माध्यम से युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने सुलहनीय वादों के त्वरित और निःशुल्क निस्तारण के लिए 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!