ज़की हमदम किशनगंज बिहार
ठाकुरगंज। किशनगंज जिले के ठाकुरगंज में पहली बार ऑल इंडिया महफिले मुशायरा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। आगामी 28 नवंबर को कटहलडांगी ईदगाह कर्बला मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से नामचीन शायर शिरकत करेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
बुधवार को ठाकुरगंज के कई गणमान्य लोगों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मंच निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, श्रोताओं की सुविधा और अन्य आवश्यक इंतजामों पर विस्तार से चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि मुस्ताक आलम ने कहा कि ठाकुरगंज में पहली बार ऑल इंडिया महफिले मुशायरा का आयोजन होना गर्व की बात है। मुखिया प्रतिनिधि दिलशाद रही की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना और साहित्य एवं शायरी के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देना है।
वहीं अधिवक्ता कौशल किशोर यादव, मंसूर आलम, पूर्व मुखिया अकबर, कन्हैया लाल महतो सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हैं। साथ ही युवाओं को अच्छी सोच और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के आयोजक एवं नेतृत्वकर्ता मुखिया प्रतिनिधि दिलशाद रही ने कहा कि ऑल इंडिया महफिले मुशायरा आयोजित करना उनका वर्षों पुराना सपना था, जो आज सभी साथियों और भाइयों के सहयोग से साकार होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों से मशहूर शायर शामिल होंगे। बाहर से आने वाले मेहमानों के स्वागत और ठहरने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को सही दिशा दिखाना बेहद जरूरी है। साहित्य, शायरी और अच्छे विचारों के माध्यम से समाज में जागरूकता लाने तथा युवाओं को नशे और अन्य बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से इस आयोजन की पहल की गई है।
आयोजक दिलशाद रही ने किशनगंज जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के सभी साहित्य प्रेमियों और आम लोगों से 28 नवंबर को कटहलडांगी ईदगाह कर्बला मैदान पहुंचकर ऑल इंडिया महफिले मुशायरा में शामिल होने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
