जिले में दत्तक ग्रहण वाद की सुनवाई पूरी होने के बाद एक मासूम बच्ची को नया परिवार और सभी कानूनी अधिकार मिल गए हैं।

कटिहार की बच्ची को मिला नया परिवार

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार

जिले में दत्तक ग्रहण वाद की सुनवाई पूरी होने के बाद एक मासूम बच्ची को नया परिवार और सभी कानूनी अधिकार मिल गए हैं।

सोमवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने दत्तक ग्रहण विनियम, 2022 के तहत निर्धारित सभी कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, कटिहार में आवासित बालिका को हैदराबाद (तेलंगाना) निवासी दंपती सरवनन बी. तथा अनिता श्रीजी को विधिवत गोद देने का आदेश पारित किया। कानूनी आदेश जारी होने के बाद दत्तक ग्रहण करने वाले माता-पिता के अनुरोध पर बच्ची का नया नाम तारा सरवनन रखा गया। इस आदेश के साथ ही तारा को अपने नए परिवार में जैविक संतान के समान सभी कानूनी तथा पारिवारिक अधिकार प्राप्त हो गए हैं। नन्हीं परी को पाकर हैदराबाद से आए दंपत्ति बेहद खुश नजर आए। जिला पदाधिकारी ने उन्हें बधाई दी। बच्ची के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आदेश पारित किए जाने के अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी, जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक रविशंकर तिवारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. सूरज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
परित्यक्त बच्चों को संरक्षण और प्रचार-प्रसार पर डीएम का जोर सुनवाई और आदेश पारित करने के दौरान जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान और इसकी कानूनी प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जागरूकता बढ़ने से परित्यक्त बच्चों को समय पर संरक्षण देकर कटिहार के विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में आवासित कराया जा सकेगा। इससे केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (कारा) की पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से संतान की प्रतीक्षा कर रहे निःसंतान दंपत्तियों की गोद भरने में बड़ी मदद मिलेगी। डीएम ने इस पुनीत कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और हितधारकों को पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपना दायित्व निभाने का सख्त निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!