कटिहार के 53वें स्थापना दिवस पर जश्न: डीएम के नेतृत्व में निकली प्रभात फेरी- पौधारोपण; सांस्कृतिक कार्यक्रम
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कटिहार, पूर्णिया से अलग होकर 2 अक्टूबर 1973 को स्वतंत्र जिला बने कटिहार ने गुरुवार को अपना 53वां स्थापना दिवस मनाया। स्थापना दिवस को लेकर जिला प्रशासन की ओर से दिनभर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह से लेकर शाम तक शहर में उत्सवी माहौल रहा।
सुबह 7:30 बजे डीएम आशुतोष द्विवेदी के नेतृत्व में समाहरणालय परिसर से प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मियों ने हिस्सा लिया।
प्रभात फेरी आईटीआई कटिहार परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इसके बाद अधिकारियों ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
टाउन हॉल में सांस्कृतिक संध्या
स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम शाम 5:30 बजे टाउन हॉल में आयोजित किया गया। सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने गायन और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं।
इस दौरान पेंटिंग कार्यशाला में शामिल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन ने नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा बनने की अपील की।
विकास को लेकर युवा नेता ने उठाए सवाल
स्थापना दिवस के बीच युवा नेता महेंद्र झा का संदेश भी सोशल मीडिया पर वायरल है। उन्होंने कहा कि 53 साल बीतने के बावजूद कटिहार का अपेक्षित विकास नहीं हो सका है।
उनके अनुसार जिले की उपेक्षा ही इसकी नियति बन गई है। स्थापना दिवस के जश्न के बीच उनका यह बयान जिले के विकास को लेकर बहस का मुद्दा बन गया है।
