किशनगंज: श्री नवीन कुमार, जिला पदाधिकारी, किशनगंज की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण इकाई एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वप्रथम सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा गत समीक्षा बैठक में दिये गये निदेशों के अनुपालन से संबंधित जिला पदाधिकारी महोदय को अवगत कराया गया ।
साथ ही योजनावार प्रगति की बिंदुवार समीक्षा कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिये गये।
बाल संरक्षण परवरिश योजना की समीक्षा के क्रम में सहायक निदेशक ने जिला पदाधिकारी महोदय को अवगत कराया कि जिले में वर्तमान में 419 बच्चे योजना से लाभान्वित हो रहे हैं तथा आंगनबाड़ी पोषक क्षेत्रों में कराये गये सर्वेक्षण में 108 संभावित लाभार्थी चिह्नित किये गये हैं।
जिला पदाधिकारी महोदय ने निदेश दिया कि योजना के अंतर्गत और भी पात्र बच्चों को लाभ दिलाया जाए ।
सहायक निदेशक द्वारा सुरक्षित स्थान, किशनगंज में पेयजल की स्थिति से अवगत कराये जाने पर आवासित किशोरों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था हेतु बुडको से पत्राचार कर एक सप्ताह के भीतर कार्य पूर्ण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया।
आवासित किशोरों के कौशल विकास हेतु कृषि विभाग से समन्वय स्थापित कर प्रशिक्षण की व्यवस्था करने तथा भवन के मरम्मति कार्य शीघ्र कराने हेतु निदेश दिया गया।
पर्यवेक्षण गृह, किशनगंज का निर्माण कार्य प्रारंभ कराने हेतु मुख्य अभियंता, पूर्णियाँ प्रमंडल से समन्वय स्थापित कर शीघ्र प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया।
बाल कल्याण समिति को नियमित बैठक करने तथा अनाथ एवं बेसहारा बच्चों को उनके परिवार में पुनर्वासित करने हेतु निदेशित किया गया।
चाइल्ड हेल्पलाइन के समन्वयक को निदेश दिया गया कि क्षेत्र भ्रमण कर 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के पुनर्वास हेतु जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा इसके लिए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं अन्य बालिका विद्यालयों में हितधारकों के साथ नियमित बैठक की जाए।
चाइल्ड हेल्पलाइन में अल्प अवधि के लिए आवासित होने वाली बालिकाओं हेतु वन स्टॉप सेंटर को फिट संस्थान घोषित कराने के लिए बाल कल्याण समिति के माध्यम से जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आई.सी.डी.एस., किशनगंज को निदेश दिया गया।
दिव्यांगजन सशक्तिकरण
सहायक निदेशक ने जिला पदाधिकारी महोदय को अवगत कराया कि 07.10.2026 तक स्वावलंबन पोर्टल पर जिले से 16,298 यू.डी.आई.डी. आवेदन प्राप्त हुए हैं। लंबित आवेदनों के निष्पादन हेतु 07.09.2026 से 03.10.2026 तक सभी सात प्रखंडों में 14 विशेष शिविर आयोजित कर 722 आवेदकों का आकलन किया गया है। जिला पदाधिकारी महोदय ने शेष पात्र दिव्यांगजनों का यू.डी.आई.डी. कार्ड बनाने का कार्य तेजी से पूर्ण करने का निदेश दिए।
मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना (सम्बल) के अंतर्गत सहायक निदेशक ने बताया कि अब तक 609 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल का वितरण किया जा चुका है। कोचाधामन प्रखंड में रखी गई ट्राईसाइकिलों का यथाशीघ्र लाभुकों के बीच वितरण करने तथा सभी प्रखंडों से समन्वय स्थापित कर ट्राईसाइकिल वितरण पूर्ण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मीगण आदि उपस्थित थे ।
