डेस्क बिहार भागलपुर
26-11-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा
भागलपुर बिहार
शराब पीने से मना करने पर किसान को मारी गोली, हाथ में फंसी बुलेट
बांका बाराहाट थाना क्षेत्र के पनिया मोड़ के समीप गुरुवार की शाम हथियारबंद बदमाशों ने एक किसान को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। गनीमत रही कि गोली किसान के दाहिने हाथ में लगकर वहीं फंस गई, जिससे उनकी जान बच गई। जख्मी किसान की पहचान पनिया गांव निवासी छंगूरी यादव के 45 वर्षीय पुत्र प्रकाश यादव के रूप में हुई है।
बाजार से घर लौटने के दौरान हुई घटना
जानकारी के अनुसार, प्रकाश यादव अपने रिश्तेदार तेतरिया गांव निवासी नुंधर यादव के पुत्र शेखर यादव के साथ बौसी बाजार से अपने घर लौट रहे थे। पनिया मोड़ के पास प्रकाश लघुशंका के लिए रुके। वहां तेतरिया गांव निवासी गुल्ला यादव का पुत्र गौतम यादव अपने तीन-चार साथियों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। प्रकाश ने अपने रिश्तेदार को इस बात की जानकारी दी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आवेश में आकर गौतम यादव ने देसी कट्टा से गोली चला दी, जो प्रकाश के दाहिने हाथ में जा लगी।
अस्पताल में चल रहा इलाज, पुलिस जांच में जुटी
गोली चलने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर जुटे परिजनों ने आनन-फानन में जख्मी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बौसी पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. उत्तम कुमार द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। जख्मी की पुत्री राखी कुमारी ने आरोप लगाया कि इस वारदात में तेतरिया गांव के अन्य लोग भी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जख्मी के भाई प्रदीप यादव, दिलीप यादव सहित कई परिजन अस्पताल पहुंच गए। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए बौसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा और एसआई प्रमोद पासवान भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और जख्मी का बयान दर्ज किया।
