फलका में तीन यात्री बसों पर कई राउंड फायरिंग: संचालक ने रंगदारी न देने पर गोलीबारी का लगाया आरोप, आठ नामजद पर FIR

फलका में तीन यात्री बसों पर कई राउंड फायरिंग: संचालक ने रंगदारी न देने पर गोलीबारी का लगाया आरोप, आठ नामजद पर FIR

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार

फलका-कटिहार मार्ग पर यात्री बसों के संचालन को लेकर दो बस संचालकों के बीच चल रहा विवाद शनिवार देर रात हिंसक हो गया। फलका बाजार स्थित एक धर्मकांटा के पास खड़ी तीन यात्री बसों पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी में तीनों बसों के सामने के शीशे टूट गए।

बसों पर फायरिंग से मची अफरातफरी

घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। बस संचालकों के अनुसार, हमलावर तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे और खड़ी बसों को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

पुलिस के देर से पहुंचने पर सड़क जाम

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के देरी से पहुंचने पर बस संचालकों और ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। लोगों ने फलका बाजार के मुख्य चौक, स्टेट हाईवे-77 और फलका-गेड़ाबाड़ी मार्ग को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी

घटना को लेकर पीड़ित बस संचालक मो. इसरार आलम ने थाने में करीब आठ नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में उन्होंने आरोप लगाया है कि पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र के बजराहा गांव निवासी बुलेट यादव अपने भांजे कबीर कुमार यादव, कुक्कू यादव और अन्य साथियों के साथ तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे और बसों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की।

घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद

फायरिंग की इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी-2 सुनील कुमार शर्मा और जिले से एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फायरिंग में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!