प्राथमिक विद्यालय हसनपुर, वार्ड संख्या-33 में सखी वार्ता सह जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

प्राथमिक विद्यालय हसनपुर, वार्ड संख्या-33 में सखी वार्ता सह जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

हसनपुर महादलित टोला में महिला सशक्तिकरण एवं बालिका सुरक्षा पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम

किशनगंज, 03 जून।

महिला एवं बाल विकास निगम अंतर्गत जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन एवं वन स्टॉप सेंट, किशनगंज द्वारा आज दिनांक 03.06.26 को प्राथमिक विद्यालय हसनपुर, के महादलित टोला वार्ड संख्या-33 में सखी वार्ता सह जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, किशोरियों एवं स्थानीय ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा सेवाओं एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। माहवारी स्वच्छता अभियान अंतर्गत महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी स्वच्छता हेतु जागरूक किया जाना है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने खुलकर अपनी समस्याएँ एवं अनुभव साझा किए, जिन पर संबंधित कर्मियों द्वारा मार्गदर्शन एवं आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, जेंडर आधारित हिंसा, बाल संरक्षण, बाल विवाह रोकथाम एवं लैंगिक समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। महिलाओं एवं किशोरियों को बताया गया कि समाज में किसी भी प्रकार का भेदभाव, हिंसा या उत्पीड़न स्वीकार्य नहीं है और इसके विरुद्ध कानूनी सहायता उपलब्ध है।

कार्यक्रम में यौन उत्पीड़न (सेक्सुअल हरासमेंट) से संबंधित जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार का गलत स्पर्श, अभद्र टिप्पणी, मानसिक प्रताड़ना, पीछा करना अथवा मोबाइल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से किया गया ऑनलाइन उत्पीड़न कानूनन अपराध है। महिलाओं एवं बालिकाओं को बिना डर अपनी शिकायत दर्ज कराने तथा सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

साथ ही POCSO Act से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी सरल भाषा में दी गई, ताकि महिलाएँ एवं बच्चे अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न सरकारी योजनाओ यथा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड योजना, विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना एवं बेरोजगारी भत्ता योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को जीविका समूहों से जुड़कर स्वरोजगार एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित सहायता सेवाओं—
महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 एवं वन स्टॉप सेंटर की जानकारी भी कार्यक्रम में साझा की गई।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
“सशक्त महिला और शिक्षित बालिका ही उज्ज्वल एवं सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव हैं।”

सखी वार्ता कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम किशनगंज के जिला मिशन समन्वयक मो शहबाज आलम, केंद्र प्रशासक श्रीमती रोशनी परवीन, केस वर्कर श्रीमती टूम्पा दास एवं रात्रि प्रहरी श्री संजय कुमार राम उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त बाल विकास परियोजना कार्यालय के महिला पर्यवेक्षिका श्रीमती आरती कुमारी एवं सेविका श्रीमती गंगामुनी सोरेन भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!