ज़की हमदम किशनगंज
ठाकुरगंज (किशनगंज)। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को 19वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), ठाकुरगंज में वीर शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान देश की सुरक्षा, एकता एवं अखंडता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया गया। वाहिनी के अधिकारियों एवं बलकर्मियों ने शहीदों के अदम्य साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ 19वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री राज कुमार खलखो द्वारा शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इसके बाद शोक शस्त्र की कार्यवाही संपन्न की गई और वीर शहीदों की स्मृति में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर कमांडेंट श्री राज कुमार खलखो ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा और देशवासियों की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका त्याग, समर्पण और राष्ट्र के प्रति निष्ठा सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि वीर शहीदों के आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करना और राष्ट्र की सेवा एवं सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों के नामों का स्मरण किया गया तथा उनके वीरतापूर्ण कार्यों एवं बलिदान को याद किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं बलकर्मियों ने शहीदों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र की सुरक्षा, सेवा और सम्मान के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करने का संकल्प लिया।
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में 19वीं वाहिनी के उप कमांडेंट श्री बिनोद कुमार दास सहित सभी अधीनस्थ अधिकारी एवं अन्य बलकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन वीर शहीदों की अमर स्मृति को नमन करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ हुआ।
