वेटलिफ्टर सागर सिंह के 2 बेटों समेत 4 की मौत: छत्तीसगढ़ में नहाने के दौरान नदी में डूबे, कटिहार में शोक की लहर
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कटिहार के वेटलिफ्टर सागर सिंह उर्फ सेठी सिंह के परिवार पर गहरा सदमा लगा है। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में नहाने के दौरान उनके दो बेटों समेत चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा शनिवार को सूरजपुर की रेण नदी के राम सरस्वतीपुर घाट पर हुआ।
मृतकों में पटना के विवेक कुमार सिंह (45), उनके बेटे अभिजीत सिंह (20) और कटिहार के भेड़िया रहिका से सागर सिंह के बेटे गोपाल कृष्ण (13) व कृष्ण गोपाल (15) शामिल हैं। विवेक पत्नी से मिलने सूरजपुर आए थे। 13 वर्षीय गोपाल कृष्ण गोल्ड मेडलिस्ट वेटलिफ्टर थे।
बच्चों को डूबता देख विवेक ने बचाने के लिए छलांग लगाई, लेकिन चारों की मौत हो गई। पुलिस व स्थानीय लोगों ने शव निकाले। कटिहार में शोक की लहर है।
इस घटना पर विधान पार्षद अशोक अग्रवाल ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा, “मशहूर वेटलिफ्टर सागर सिंह उर्फ सेठी सिंह जी के परिवार के साथ छत्तीसगढ़ में हुई हृदयविदारक घटना अत्यंत दुखद एवं मर्माहत करने वाली है।
नहाने के दौरान उनके दो बेटों, जिनमें गोल्ड मेडलिस्ट गोपाल कृष्ण सहित परिवार के चार सदस्यों की असामयिक मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। चार लोगों को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त करना असंभव है।
इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा सागर सिंह जी और उनके परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।” खेल जगत से लेकर समाज के प्रबुद्ध वर्गों ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
