किशनगंज: जिले के शहीद अशफाकउल्लाह खान स्टेडियम, खगड़ा में 21 नवंबर 2026 को दो दिवसीय किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार ने फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। मेले में जिले के लगभग 1,500 किसानों ने भाग लिया।
किसान मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्रीकरण, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देना तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार और विविधीकरण को बढ़ावा देना रहा।
प्राकृतिक खेती और स्थानीय उत्पाद रहे आकर्षण का केंद्र
मेले में स्थानीय किसानों द्वारा प्राकृतिक खेती से उत्पादित सब्जियों, मसालों एवं अन्य कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। विशेष रूप से चपाती गांव का प्राकृतिक खेती एवं मल्टीलेयर फार्मिंग मॉडल आकर्षण का केंद्र रहा। इस मॉडल से जुड़कर बड़ी संख्या में किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
प्राकृतिक खेती समूहों द्वारा तैयार ताजी सब्जियों एवं विभिन्न मसाला उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ बिक्री भी की गई, जिसे किसानों और आगंतुकों ने काफी पसंद किया।
चार क्विंटल मखाना की हुई बिक्री
मेले में स्थानीय मखाना उत्पादकों को अपने उत्पादों के विपणन का बेहतर अवसर मिला। जानकारी के अनुसार, स्थानीय उत्पादकों द्वारा लगभग चार क्विंटल मखाना की बिक्री की गई। इसके अलावा प्राकृतिक खेती से तैयार सब्जियों एवं मसाला उत्पादों की भी अच्छी बिक्री हुई। इससे स्थानीय किसानों और उत्पादक समूहों को आर्थिक लाभ एवं बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई।
विभिन्न विभागों के लगाए गए स्टॉल
मेले में कृषि विज्ञान केंद्र, डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय के मत्स्य विभाग, जिला गव्य विकास कार्यालय, जीविका, आत्मा, जिला उद्यान कार्यालय सहित कृषि यंत्र, स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली एवं सौर ऊर्जा से संबंधित स्टॉल लगाए गए। नगर विकास विभाग की ओर से गृह प्रवेश योजना की जानकारी भी दी गई।
वहीं, नाबार्ड द्वारा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) एवं विभिन्न वित्तीय सुविधाओं तथा ऋण योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।
आधुनिक कृषि तकनीकों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान किसानों को फार्मर रजिस्ट्री, पराली प्रबंधन एवं कृषि अवशेषों के उचित उपयोग की जानकारी दी गई। पौधा संरक्षण विभाग की टीम ने फेरोमोन ट्रैप सहित कीट नियंत्रण की आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया। वहीं, मिट्टी जांच प्रयोगशाला की टीम ने मृदा स्वास्थ्य, मिट्टी जांच एवं संतुलित उर्वरक के उपयोग के महत्व को समझाया।
इसके अलावा ड्रैगन फ्रूट सहित अन्य फसलों को जंगली जानवरों एवं हाथियों से बचाने के लिए खेतों में फेंसिंग और अन्य सुरक्षात्मक उपायों की जानकारी भी किसानों को दी गई।
जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
मेले के सफल आयोजन में कृषि विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण, सहायक निदेशक रसायन, जिला उद्यान पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग की इस पहल का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक खेती से जोड़ना तथा स्थानीय कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं विपणन को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी बढ़ाने के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
