स्वतंत्रता दिवस पर किशनगंज में प्रभारी मंत्री ने किया ध्वजारोहण, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

किशनगंज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को शहीद अशफाक उल्लाह खाँ खगड़ा स्टेडियम, किशनगंज में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री-सह-किशनगंज जिले के प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने सलामी गारद का निरीक्षण किया।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने किशनगंज जिले के चौमुखी विकास के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। साथ ही नवयुवकों से राष्ट्रीय हित में सक्रिय योगदान देने तथा ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

समारोह का संचालन उद्घोषक राम प्यारे कुमार एवं फिजा अंजुम ने किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

करदाताओं को मिला भामाशाह सम्मान

जिले के टॉप-3 नॉन-कॉरपोरेट व्यवसायियों एवं करदाताओं मेसर्स अहमद मोटर्स एलएलपी, मेसर्स जेडी मोटर्स तथा मेसर्स आलम एंटरप्राइजेज ईसी एंड ब्रदर्स को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्यकर्मियों और टीबी अभियान से जुड़े लोगों का सम्मान

स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य के लिए राकेश बर्मन, सीएचओ, आयुष्मान आरोग्य मंदिर गांछपाड़ा और प्रियंका कुमारी, एएनएम, स्वास्थ्य उपकेंद्र बलुआडांगी, टेढ़ागाछ को टीवी स्क्रीनिंग, एनसीडी स्क्रीनिंग, टेली-काउंसलिंग एवं ओपीडी में बेहतर उपलब्धि के लिए डॉ. रफत हुसैन मेमोरियल अवार्ड दिया गया।

टीबी मुक्त भारत अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए नंदकिशोर राजा एवं चंचल कुमारी को सम्मानित किया गया। वहीं रेड क्रॉस सोसाइटी, किशनगंज द्वारा अभियान के तहत 200 मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराने के लिए संस्था को भी प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. देवेंद्र कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी; डॉ. प्रमोद कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ; तथा बसंत कुमार, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोठिया को भी सम्मानित किया गया।

राजस्व, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में भी सम्मान

राजस्व कार्यों, विशेषकर अभियान बसेरा-2 में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए ठाकुरगंज के अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

मैट्रिक परीक्षा-2026 में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली रूही नाज एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली राजमी बेगम को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल से सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट कला संकाय में गायत्री कुमारी एवं नजमीन प्रवीण, वाणिज्य संकाय में रौनक परवीन एवं मोहम्मद शरेयर आलम, तथा विज्ञान संकाय में मोहम्मद नौनिहाल एवं मोहम्मद शम्स तबरेज को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

खेल के क्षेत्र में अंडर-17 फुटबॉल टीम के ग्रुप कैप्टन डब्लू रैन को राज्य स्तरीय सुब्रतो कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा देव ज्योतिष शाह को वॉलीबॉल में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं मेडल दिया गया।

भारत स्काउट एंड गाइड, किशनगंज में मॉक ड्रिल एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले देवाशीष चटर्जी, प्रदीप कुमार साह, मुरसलीन आलम एवं अभिषेक कुमार को भी सम्मानित किया गया।

गुड सेमेरिटन और परेड प्रतिभागियों को पुरस्कार

सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन शमीम अशरफ, बाबर अली एवं सुनील हेंब्रम को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

परेड के बेहतर संचालन के लिए प्रथम परेड कमांडर सार्जेंट मेजर अमित कुमार एवं द्वितीय परेड कमांडर सार्जेंट अभिषेक कुमार को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल से सम्मानित किया गया।

मुख्य समारोह में परेड के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बीएसएफ बटालियन, किशनगंज के प्लाटून कमांडर एसआई गणेश कुमार को प्रथम, डीएपी महिला प्लाटून की सार्जेंट श्वेता कुमारी को द्वितीय और डीएपी पुरुष प्लाटून के सार्जेंट रत्नेश कुमार गिरी को तृतीय पुरस्कार दिया गया। स्काउट एंड गाइड महिला, किशनगंज की प्लाटून कमांडर गुणगुण कुमारी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

समारोह के दौरान जिले के पांच भूमिहीन लाभुकों को वासगीत पर्चा भी वितरित किया गया। वहीं रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए कोमल जैन, बलराम ठाकुर एवं अमनदीप सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किए जाने से उपस्थित लोगों में उत्साह और गौरव का वातावरण रहा। कार्यक्रम में किशनगंज सांसद, विधायक, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला परिषद अध्यक्ष सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!