कटिहार: राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे के विरोध में मार्च

कटिहार: राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे के विरोध में मार्च

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कटिहार शहर में विशाल व शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकाला गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित यह विरोध मार्च शहर के टाउन हॉल से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शहीद चौक पहुंचा, जहां यह एक सभा में तब्दील हो गया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुकदमे को तुरंत वापस लेने की मांग उठाई। मार्च का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कहा कि राहुल गांधी पर दर्ज किया गया मुकदमा पूरी तरह से झूठा, निराधार और राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित है। केंद्र सरकार जब भी महंगाई, बेरोजगारी, छात्र और किसानों की बुनियादी समस्याओं पर घिरती है, तब अपनी विफलताओं को छिपाने और विपक्ष की बुलंद आवाज को दबाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने लगती है। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस का हर एक सिपाही अपने नेता के साथ चट्टान की तरह खड़ा है और पार्टी मुकदमों से डरने वाली नहीं है। यह लड़ाई लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की है, जिसे सड़क से लेकर संसद तक पूरी मजबूती से लड़ा जाएगा।
नेताओं ने आरोप लगाया कि वास्तविक जनहित के मुद्दों से देश का ध्यान भटकाने के लिए सुनियोजित षड्यंत्र के तहत नेता प्रतिपक्ष को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है।
पार्टी ने मांग की कि राहुल गांधी पर दर्ज राजनीति से प्रेरित यह बेबुनियाद मुकदमा अविलंब वापस लिया जाए। मार्च में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सऊद आलम, प्रदेश प्रवक्ता प्रेम राय, वरिष्ठ नेता संजय सिंह, जिला प्रवक्ता पंकज कुमार तमाखुवाला, नगर अध्यक्ष अ राज आनंद सिंह, नगर अध्यक्ष ब रिंकू मिश्रा, सौरभ कुमार, डॉ. बिपिन सिंह, संतोष यादव, सीबी सिंह, मो. असलम, मीनाक्षी श्वेता, मशरूर आलम, पुतुल सिंह, विक्रम पासवान, राकेश यादव, मो. वहाब, मो. रियाज, प्रशांत गिरी, अमर तिवारी, जटा शंकर झा, धनंजय ठाकुर और नितिन सिंहा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!