कटिहार: कारी कोसी नदी में मिला अज्ञात महिला का शव
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कोलासी पुल के समीप कारी कोसी नदी में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी में एक अज्ञात महिला का शव उतराता हुआ देखा गया। नदी किनारे मौजूद स्थानीय ग्रामीणों की नजर जब तैरते हुए शव पर पड़ी, तो इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों का भारी हुजूम जुट गया और पुल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने फौरन इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पाते ही कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकलवाया।
इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया। मृतका की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों और गांवों में महिला की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पहचान स्पष्ट होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
