अस्थायी ट्रेन विनियमन के दौरान मालदा मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं स्थिति की सतत निगरानी सुनिश्चित

डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840

अस्थायी ट्रेन विनियमन के दौरान मालदा मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं स्थिति की सतत निगरानी सुनिश्चित

Malda, September 3, 2026:

तिलडांगा एवं न्यू फरक्का स्टेशनों के बीच अप लाइन पर भूमि धंसने की घटना के मद्देनजर मालदा मंडल द्वारा प्रभावित रेलखंड में ट्रेन सेवाओं को एहतियाती रूप से विनियमित किया गया है। साथ ही, यात्रियों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम करने के लिए यात्री सुविधा एवं निगरानी संबंधी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है।

स्थिति की मंडल एवं क्षेत्रीय स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। श्री मनीष कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक, मालदा एवं श्री कार्तिक सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मालदा मंडल नियंत्रण कक्ष से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, श्री अमरेन्द्र कुमार मौर्य, अपर मंडल रेल प्रबंधक, मालदा संबंधित शाखा अधिकारियों के साथ कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर मरम्मत एवं बहाली कार्यों की निगरानी तथा आवश्यक समन्वय सुनिश्चित कर रहे हैं।

*न्यू फरक्का स्टेशन पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक/टिकट जांच, मालदा संबंधित वाणिज्य पर्यवेक्षकों के माध्यम से यात्री सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का समन्वय एवं निगरानी कर रहे हैं। तिलडांगा एवं बल्लालपुर स्टेशनों पर भी आवश्यक यात्री सुविधा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि ट्रेन सेवाओं के अस्थायी विनियमन के दौरान यात्रियों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। यात्रियों को परिचालन संबंधी बदलावों की जानकारी देने के लिए मालदा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेन विनियमन, मार्ग परिवर्तन एवं निरस्तीकरण से संबंधित नियमित उद्घोषणाएं की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, आरक्षित यात्रियों को ट्रेन सेवाओं में हुए बदलावों के संबंध में बल्क संदेश भी भेजे जा रहे हैं।*

*अस्थायी ट्रेन विनियमन के दौरान यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए तिलडांगा एवं बल्लालपुर स्टेशनों पर खानपान स्टॉल को चालू रखा गया है। इन स्टेशनों पर सीमित खानपान सुविधाओं तथा मार्ग परिवर्तन एवं इंजन रिवर्सल के कारण ट्रेनों के विनियमन को ध्यान में रखते हुए अस्थायी खानपान व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इससे इन स्टेशनों पर प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों के लिए खाद्य सामग्री एवं पैकेज्ड पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है।*

मालदा मंडल द्वारा बहाली कार्यों में तेजी लाने तथा समस्या का यथाशीघ्र समाधान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है, ताकि ट्रेन सेवाओं का सामान्य परिचालन जल्द से जल्द बहाल किया जा सके। यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही, अस्थायी ट्रेन विनियमन के दौरान यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने, उन्हें समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराने तथा आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!