रिपोर्ट – शुभम कुमार, भागलपुर
भागलपुर: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बुधवार को कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के गोराडीह में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने जोरदार तरीके से चुनावी बिगुल फूंका। कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ ने महागठबंधन के प्रति जनता के उत्साह को दर्शाया। इस कार्यक्रम का मंच संचालन राजद जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर प्रसाद यादव ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि पिछले बीस वर्षों से भाजपा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं, जबकि बिहार की जनता से वोट लेकर भाजपा सरकार गुजरात में फैक्ट्रियां खोल रही है। बिहार के लोग पलायन करने को मजबूर हैं।
तेजस्वी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “भाजपा वोट चोर की सरकार है। अब समय आ गया है कि भाजपा भगाओ, बिहार बचाओ।”
उन्होंने मंच से चुनावी घोषणा करते हुए कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर हर महिला को ‘सम्मान योजना’ के तहत हर साल 30 हजार रुपए दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हर घर के एक सदस्य को रोजगार दिया जाएगा।
तेजस्वी ने भरोसा दिलाया कि “जो तेजस्वी कहता है, वह कर के दिखाता है।” उन्होंने अपने भाषण के दौरान संकेत दिया कि कहलगांव सीट से रजनीश कुमार को चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है।
इस अवसर पर महागठबंधन के धौरिया विधायक भुदेव चौधरी, गोण्डा विधायक संजय प्रसाद यादव सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
