पांच अकाँक्षी प्रखंडों को लेकर हुई बैठक

रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/ बिहार।।

भागलपुर 15 जनवरी 2026, भागलपुर के समीक्षा भवन में भागलपुर जिला के आकांक्षी प्रखंड (जगदीशपुर, पीरपैंती, सबौर, सन्हौला एवं सुल्तानगंज) की प्रगति की समीक्षा एवं अवलोकन के लिए नीति आयोग द्वारा प्रतिनियुक्ति सीपीओ श्री प्रवीण रंजन, निदेशक, वित्त विभाग, भारत सरकार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी द्वारा पौधा देकर भागलपुर की धरती पर उनका हार्दिक स्वागत किया गया।
जिला योजना पदाधिकारी श्री मोनू कुमार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सभी प्रखंडों में सभी विभागों के लिए निर्धारित अलग अलग 40 प्रगति सूचक में वर्ष 2023 से अब तक हुई प्रगति से अवगत कराया गया उन्होंने बताया कि नीति आयोग द्वारा आकांक्षी प्रखंडों के लिए कुल 40 सूचक बनाए गए हैं, जिनकी प्रगति के आधार पर आकांक्षी प्रखंड को सामान्य प्रखंड में लाया जा सके।
भागलपुर जिला के सभी पांच प्रखंडों में कई सूचको (इंडिकेटर) में लगभग शत प्रतिशत उपलब्धि मिल गई है।
स्वास्थ्य विभाग के लिए निर्धारित सातों सूचकों प्रसव पूर्व जांच, संस्थागत प्रसव, निम्न जन्म दर, उच्च रक्तचाप, मधुमेह नियंत्रण, टीवी केसेस कम करने में लगभग शत प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त कर लिया गया है।
विगत वर्ष 2024 में इन प्रखंडों में संपूर्णता अभियान चलाया गया था जिनके सभी 6 सूचकांकों(प्रसव पूर्व जांच, हाइपरटेंशन एवं डायबिटीज की स्क्रीनइंग, सॉईल हेल्थ कार्ड, गर्भवती महिलाओं को सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन तथा जीविका) में शत प्रतिशत संतृप्तता के लिए सभी पांच प्रखंडों को गोल्ड मेडल प्राप्त हुआ है। भागलपुर भारत का एकमात्र जिला है जिसके सभी के सभी पांच आकांक्षी प्रखंडों को पुरस्कृत किया गया था।
न्यूट्रिशन (पोषण) के लिए निर्धारित सात पैरामीटर में भी लगभग शत प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त हुई है। अति कुपोषित बच्चों को सामान्य बच्चों में तब्दील करने के लिए मिशन- 45 भागलपुर में चलाया गया। इसकी प्रशंसा राज्य एवं केंद्र स्तर पर की गई है।
शिक्षा विभाग के निर्धारित 11 पैरामीटर, कृषि विभाग के पांच पैरामीटर, आधारभूत संरचना के पांच पैरामीटर तथा सामाजिक विकास के पैरामीटर
में भागलपुर के आकांक्षी प्रखंडों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
केंद्रीय प्रभारी ऑफिसर श्री प्रवीण रंजन काफी संतुष्ट दिखे तथा भागलपुर जिले में किए गए कार्य की सराहना की। जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी द्वारा भी मिशन 45 तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में भागलपुर में किए गए कार्यों के संबंध CPO को बारीकी से जानकारी दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप सिंह, सिविल सर्जन डॉ अशोक प्रसाद, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, अग्रणी बैंक प्रबंधक, डीआरडीए निदेशक, निदेशक NEP डीआरडीए, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, डीपीओ शिक्षा विभाग, डीपीओ आईसीडीएस उपस्थित थे एवं पांचो प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!