भागलपुर पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई: अपहृत नाबालिग भोपाल से बरामद, ब्राउन शुगर के साथ एक बालक पकड़ा गया

भागलपुर, बिहार | संवाददाता शुभम कुमार

भागलपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ओर अपहृत नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद किया है, वहीं दूसरी ओर अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को पकड़ा है।

अपहृत नाबालिग भोपाल से बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

भागलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जोगसर थाना क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग लड़की को मध्य प्रदेश के भोपाल से बरामद कर लिया। इस मामले में दो आरोपियों—सोनू जैन और कमल किशोर शास्त्री—को गिरफ्तार किया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को नाबालिग लड़की के लापता होने के बाद जोगसर थाना कांड संख्या 328/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान अप्रैल 2026 में यह खुलासा हुआ कि लड़की के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनाया गया था, जिसमें उसकी उम्र 21 वर्ष दर्शाई गई थी। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम भोपाल पहुंची और छापेमारी कर आरोपी सोनू जैन को गिरफ्तार कर उसके घर से लड़की को बरामद किया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि लड़की को ट्रेन यात्रा के दौरान बहला-फुसलाकर पहले दिल्ली ले जाया गया और बाद में भोपाल में 2.5 लाख रुपये में बेच दिया गया। इस मामले में कमल किशोर शास्त्री की संलिप्तता भी सामने आई, जो कथित तौर पर खरीद-फरोख्त और जबरन विवाह में शामिल था।

फिलहाल, पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और बरामद नाबालिग को सुरक्षित परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।


306.44 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ बालक पकड़ा गया

दूसरी कार्रवाई में बबरगंज थाना क्षेत्र की पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ अभियान चलाते हुए 306.44 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। इस दौरान एक विधि-विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया गया।

पुलिस को 26 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि चौधरीडीह रेलवे ढाला के पास मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02 की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई।

छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 306.44 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान विधि-विरुद्ध बालक के रूप में हुई, जिसे तत्काल निरुद्ध कर लिया गया।

इस कार्रवाई में बबरगंज थाना की थानाध्यक्ष दिव्या कुमारी, पुअनि अनीशा राज, सिपाही पिंटू चौधरी और महिला सिपाही प्रियंका कुमारी शामिल थीं।

पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!