ब्रेकिंग…..
कटिहार में ‘बाबा डॉन’ गिरफ्तार: रंगदारी को लेकर 2 भाइयों का किया था अपहरण, SIT की कार्रवाई में 4 आरोपी दबोचे
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कटिहार पुलिस ने रंगदारी और अपहरण के एक मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में मुख्य आरोपी अमित कुमार मिश्रा उर्फ बाबा डॉन भी शामिल है। यह मामला नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा है।
कटिहार सदर एसडीपीओ विशाल कुमार ने बताया कि यह मामला 21 जुलाई को नगर थाना में दर्ज किया गया था। तीनगछिया निवासी मुख्तार अंसारी ने इस संबंध में लिखित आवेदन दिया था।
मुख्तार अंसारी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया था कि आरोपी लगातार उनसे रंगदारी की मांग कर रहे थे। शिकायत के अनुसार, पूर्व में भी नकद राशि लेने के बावजूद 20 जुलाई को आरोपियों ने उनसे फिर से तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी और जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण वादी ने अतिरिक्त नकद राशि भी दे दी थी।
विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया
आरोप है कि उसी रात करीब 11 बजे अमित कुमार मिश्रा उर्फ बाबा डॉन, ढल्लु गुप्ता और उनके अन्य साथियों ने मुख्तार अंसारी के किराए के मकान में घुसकर उनके भाई सिराज अंसारी और सौहेल अंसारी का अपहरण कर लिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित छापेमारी कर इस मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
चोरी के मामलों में न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नया टोला तीनगछिया निवासी अमित कुमार मिश्रा उर्फ बाबा डॉन (23), राजीव यादव (23), पवन महतो (25) और राहुल कुमार (24) के रूप में हुई है।
एसडीपीओ ने बताया कि मुख्य आरोपी अमित कुमार मिश्रा पहले भी आर्म्स एक्ट और चोरी के मामलों में न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
