किशनगंज | फूलबरिया–टेढ़ागाछ सड़क मरम्मत पर फिर विवाद, ग्रामीणों ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल
किशनगंज से मोहम्मद मुजाहिद की रिपोर्ट
फूलबरिया मस्जिद से टेढ़ागाछ काली मंदिर तक जाने वाली सड़क की मरम्मत शुरू होते ही विवादों में घिर गई है। करीब दो किलोमीटर लंबी इस अहम सड़क की हालत लंबे समय से जर्जर बनी हुई थी, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। मामला सामने आने के बाद विभाग ने जल्दबाजी में मरम्मत कार्य शुरू तो कराया, लेकिन अब इसकी गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक द्वारा कार्य में केवल औपचारिकता निभाई जा रही है। बिना सड़क की ठीक से सफाई और पुराने मलबे को हटाए ही सीधे नई परत डाली जा रही है, जिसमें घटिया सामग्री के इस्तेमाल की भी शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह का काम पहली ही बारिश में बह जाने की आशंका पैदा करता है।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है और मौके पर विभागीय कनीय अभियंता की निगरानी नहीं दिख रही। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और मानक के अनुसार ही सड़क की मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
गौरतलब है कि इस सड़क के निर्माण पर लगभग 1 करोड़ 54 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की गई थी। अनुरक्षण अवधि 01 जुलाई 2021 से लागू थी और कार्य को वर्ष 2024 के आसपास पूरा बताया गया, लेकिन महज 2-3 महीनों में ही सड़क कई जगहों से उखड़ने लगी।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया, तो वे कार्य को रुकवाकर उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपेंगे। उनका कहना है कि वर्षों के इंतजार के बाद बनी सड़क को किसी भी हाल में भ्रष्टाचार की भेंट नहीं चढ़ने देंगे।
