पूर्व रेलवे ने टिकट जांच प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/ बिहार।
पूर्व रेलवे यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और वैध यात्रियों के लिए परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रयास कर रही है। इसके तहत ट्रेन डिब्बों में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए विभिन्न खंडों में नियमित एवं सघन टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। ये अभियान प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री यू. के. झा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे हैं।
पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर ने संबंधित अधिकारियों को अनधिकृत यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सक्रिय कदम उठाने तथा बिना टिकट यात्रा की समस्या को कम करने के लिए जागरूकता अभियानों को और तेज करने की सलाह दी है।
वित्तीय वर्ष 2025–26 के दौरान, पूर्व रेलवे ने टिकट जांच प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है, जो रेलवे राजस्व की सुरक्षा और अनुशासित यात्रा को बढ़ावा देने के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को पुनः पुष्टि करता है।
मुख्य उपलब्धियां:
* टिकट जाँच से आय:
पूर्व रेलवे ने अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के दौरान ₹100.67 करोड़ की आय अर्जित की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 24.74% की उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाती है।
* कुल दर्ज मामलें:
अवैध/बिना टिकट यात्रा के कुल 24.39 लाख मामलें दर्ज किए गए , जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.37% की वृद्धि दर्शाता है।
परिचालन संबंधी पहल एवं कर्मचारियों का प्रदर्शन:
पूर्व रेलवे के टिकट जाँच कर्मचारियों ने वैध यात्रियों की गरिमा बनाए रखते हुए अनधिकृत यात्रा को रोकने में उत्कृष्ट समर्पण का प्रदर्शन किया है। इस उपलब्धि में निम्नलिखित उपायों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है:
* प्रमुख स्टेशनों, ट्रेनों और संवेदनशील खंडों पर नियमित टिकट जाँच अभियान
* यातायात पैटर्न और व्यस्त समय के आधार पर डेटा-आधारित तैनाती
* भीड़भाड़ के समय प्रमुख स्टेशनों के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर सघन जाँच (फोर्ट्रेस चेक)
* आरपीएफ और जीआरपी के साथ घनिष्ठ समन्वय
उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए, टिकट जाँच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रत्येक दो माह में प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक/पूर्व रेलवे द्वारा सभी मंडलों में सम्मानित और पुरस्कृत किया जाता है।
यात्री जागरूकता पहल:
पूर्व रेलवे ने नियमित घोषणाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से यात्री जागरूकता अभियानों को भी तेज किया है, जिसमें संदेश दिया जा रहा है — “वैध टिकट के साथ यात्रा करें – जिम्मेदार रेल उपयोगकर्ता बनें।”
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने सभी यात्रियों से वैध टिकट के साथ यात्रा करने और असुविधा एवं जुर्माने से बचने के लिए उचित पहचान पत्र साथ रखने की अपील की है। रेलवे सभी यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुलभ यात्रा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
