तिफरा EWS कॉलोनी की छत पर दर्दनाक हादसा: युवक की मौत, युवती गंभीर—क्या भावनाओं में हम जिम्मेदारियां भूल रहे हैं?
बिलासपुर – बिलासपुर बस स्टैंड के पास स्थित EWS कॉलोनी, ब्लॉक नंबर 34 में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तीन मंजिला इमारत की छत से गिरने के बाद 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवती गंभीर रूप से सिरगिट्टी पुलिस ने सूचना के बाद तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है।
मृतक की पहचान चिरंजीव पांडे उर्फ चिंटू पांडे (23 वर्ष), निवासी यदुनंदन नगर तिफरा के रूप में हुई है, जो एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। वहीं, युवती गांधी चौक क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने उसकी पहचान गोपनीय रखते हुए इलाज के लिए अस्पताल भेजा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। घटना स्थल यानी छत पर शराब के गिलास, बोतल, कपड़े, बेडशीट और कंबल मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों वहां साथ समय बिता रहे थे और नशे की हालत में थे। इसी दौरान किसी कारणवश दोनों छत से नीचे गिर गए।
घटना में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई और दाहिनी जांघ टूट गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं युवती की रीढ़ में गंभीर चोट बताई जा रही है, जिसके कारण वह उठने-बैठने में असमर्थ है। एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि छत की कुंडी अंदर की ओर से बंद थी, जिससे घटना के हालात और भी संदिग्ध बन गए हैं। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
यह घटना केवल एक हादसा नहीं, बल्कि समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी भी है। अक्सर देखा जा रहा है कि युवा वर्ग प्रेम संबंधों में इतना उलझ जाता है कि अपने भविष्य, जिम्मेदारियों और परिवार की भावनाओं को नजरअंदाज कर देता है। क्षणिक भावनाओं और लापरवाही में उठाया गया एक गलत कदम न सिर्फ उनकी जिंदगी पर, बल्कि उनके परिवार पर भी गहरा आघात छोड़ जाता है।
अभिभावकों और युवाओं दोनों के लिए यह जरूरी है कि वे संबंधों में संतुलन बनाए रखें, जिम्मेदारियों को समझें और किसी भी परिस्थिति में ऐसा कदम न उठाएं, जिससे जीवन और भविष्य खतरे में पड़ जाए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और युवती के बयान के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
संवाददाता – महेंद्र सिंह राय
