8वीं बटालियन, सशस्त्र सीमा बल, खपरैल द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम–2026 के अंतर्गत मिरिक उच्च विद्यालय में सेनेटरी पैड एवं सेनेटरी पैड डिस्पोजल मशीन का वितरण
महिलाओं एवं किशोरियों में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित स्वच्छता सुविधाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 8वीं बटालियन, सशस्त्र सीमा बल, खपरैल द्वारा कमांडेंट पी. वी. सामी के मार्गदर्शन में नागरिक कल्याण कार्यक्रम–2026 के अंतर्गत बाह्य सीमा चौकी (बीओपी) बागखोर के कार्यक्षेत्र स्थित मिरिक उच्च विद्यालय में सेनेटरी पैड एवं सेनेटरी पैड डिस्पोजल मशीन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व उप कमांडेंट मुकेश कुमार ने किया। इस अवसर पर मिरिक उच्च विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रतिमा छेत्री, विद्यालय के शिक्षकगण, छात्राएँ एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में उप कमांडेंट मुकेश कुमार ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा तभी और अधिक सुदृढ़ हो सकती है जब सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों का जीवन स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध हो। उन्होंने बताया कि सशस्त्र सीमा बल अपने ध्येय वाक्य “सेवा, सुरक्षा एवं बंधुत्व” के अनुरूप सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों के कल्याण एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा अपशिष्ट का सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता, सेनेटरी पैड का सही उपयोग तथा उनके सुरक्षित निस्तारण की जानकारी महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम स्थानीय समुदाय एवं सशस्त्र सीमा बल के बीच विश्वास और सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम में 110 छात्राओं, 12 शिक्षकों एवं 25 सशस्त्र सीमा बल के कार्मिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर 110 छात्राओं को सेनेटरी पैड वितरित किए गए तथा उन्हें मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता, सेनेटरी पैड के सही उपयोग एवं उनके सुरक्षित निस्तारण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विद्यालय में सेनेटरी पैड डिस्पोजल मशीन की स्थापना एवं वितरण के माध्यम से छात्राओं में स्वच्छता, सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण, छात्राओं एवं उपस्थित स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु 8वीं बटालियन, सशस्त्र सीमा बल, खपरैल द्वारा किए जा रहे इस सराहनीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
