दिघलबैंक को मिला राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल शुभारंभ
ज़की हमदम किशनगंज बिहार
बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बिना डिग्री कॉलेज वाले 211 प्रखंडों में नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों की शुरुआत की है। इसी क्रम में किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड को भी अपना पहला राजकीय डिग्री महाविद्यालय मिल गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर के गोराडीह प्रखंड स्थित कासिल से वर्चुअल माध्यम से इन सभी 211 महाविद्यालयों का शुभारंभ किया।
राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार के सभी 534 प्रखंडों तक उच्च शिक्षा की सुविधा पहुंचाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में स्नातक स्तर की पढ़ाई का अवसर मिल सके और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।
दिघलबैंक में राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस पहल का श्रेय ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल के लगातार प्रयासों को दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलेज शुरू होने से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में काफी सुविधा होगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल, किशनगंज के जिला पदाधिकारी नवीन कुमार, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रदीप कुमार झा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
