बाढ़ राहत शिविर में गाय एवं बकरी पालन पर स्वरोजगार प्रशिक्षण आयोजित

डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9797944840

बाढ़ राहत शिविर में गाय एवं बकरी पालन पर स्वरोजगार प्रशिक्षण आयोजित
यूको आरसेटी, भागलपुर द्वारा जिला प्रशासन, भागलपुर के सहयोग एवं समन्वय से जिला द्वारा संचालित बाढ़ राहत शिविर पॉलिटेक्निक कॉलेज, भागलपुर में आवासित लोगों के लिए स्वरोजगार एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उनकी रुचि एवं स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप गाय पालन एवं बकरी पालन के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में यूको आरसेटी, भागलपुर के निदेशक श्री आनंद कुमार सिंह द्वारा बैंकिंग, वित्तीय जागरूकता एवं सामान्य उद्यमिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्होंने प्रतिभागियों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंकिंग सुविधाओं, ऋण योजनाओं, बचत, वित्तीय प्रबंधन तथा उद्यम संचालन से जुड़ी आवश्यक बातों के बारे में जानकारी प्रदान की।
वहीं डोमेन स्किल ट्रेनर श्री आकाश कुमार द्वारा प्रतिभागियों को गाय पालन एवं बकरी पालन के व्यावहारिक एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में पशुओं के लिए उचित आवास व्यवस्था, नस्ल का चयन, आहार एवं पोषण, स्वास्थ्य देखभाल, टीकाकरण, साफ-सफाई, प्रजनन प्रबंधन तथा पशुपालन से होने वाली आय एवं बाजार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बाढ़ राहत शिविरों में आवासित इच्छुक लोगों को आपदा की परिस्थितियों के बीच कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा भविष्य में उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना है।
यूको आरसेटी, भागलपुर द्वारा इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को कौशल विकास, बैंकिंग सेवाओं और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!