जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी पंचायत में निकली तिरंगा रैली, देशभक्ति के रंग में रंगा माहौल

जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी पंचायत में निकली तिरंगा रैली, देशभक्ति के रंग में रंगा माहौल

रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार

भागलपुर, 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को बैजानी पंचायत स्थित पंचानन झा उच्च विद्यालय में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कलाकारों, विद्यार्थियों, जिला प्रशासन के पदाधिकारियों व कर्मियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। रैली का शुभारंभ सुबह नौ बजे डीएसओ सुधीर कुमार और प्रभारी प्रधानाध्यापिका के नेतृत्व में पंचानन झा उच्च विद्यालय परिसर से हुआ। रैली विद्यालय से निकलकर बैजानी पंचायत के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए पुन: विद्यालय परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों और तिरंगे की छटा से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के अलावा कला एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े कलाकारों और विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों और कर्मियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ा दी। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी जगदीशपुर अमित कुमार ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की सामूहिक अभिव्यक्ति है। रैली के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। रैली में डीएसओ सुधीर कुमार, बीडीओ अमित कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी डॉ. प्रियांशु राज, मुखिया नवल किशोर सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष गुरुदेव मंडल, सदस्य कुमार सत्यम, सरपंच सूरज कुमार, उपसरपंच सुभाष चंद्र झा, पंचायत समिति अनिल रविदास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी शामिल हुए। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर घरों में तिरंगा फहराकर अभियान में भाग लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!