फायरिंग केस का 1 घंटे में खुलासा, 5 गिरफ्तार: कटिहार में पुलिस ने पिस्टल, 2 मैगजीन, 9 जिंदा कारतूस और 3 बाइक बरामद की
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कटिहार पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड का महज एक घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है।
पुलिस ने इस घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से इस्तेमाल किए गए हथियार, दो मैगजीन, नौ जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल और तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
सदर एसडीपीओ विशाल आनंद ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि घायल आर्यन चौधरी की 30 वर्षीय मां वंदना कुमारी ने पुलिस को बयान दिया है।
वंदना कुमारी दलन कदेपुरा, मुफस्सिल थाना क्षेत्र, कटिहार की रहने वाली हैं और दिवंगत राजेश चौधरी की पत्नी हैं। उन्होंने बताया कि 8 सितंबर को दोपहर तीन बजे उनका बेटा आर्यन चौधरी अपने दोस्त गौरव कुमार के साथ घर से निकला था।
शाम करीब साढ़े चार बजे गौरव कुमार ने मोबाइल पर सूचना दी कि अंशु यादव, सुधांशु कुमार, आकाश कुमार, अमन कुमार सिंह और अजय कुमार ने आर्यन को गोली मार दी है, जिससे वह घायल हो गया है।
सूचना मिलते ही वंदना कुमारी तुरंत के.एम.सी.एच. पहुंचीं, जहां उनके बेटे का इमरजेंसी वार्ड में इलाज चल रहा था। पूछने पर आर्यन ने बताया कि अंशु यादव ने उसे गोली मारी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि अप्रैल महीने में अंशु यादव के दोस्त चंद्रशेखर उर्फ छोटू सिंह की दलन के पास एक ढाबे में आपसी रंजिश के चलते चाकू लगने से मौत हो गई थी।
उस हत्या के मामले में वंदना कुमारी का बेटा आर्यन भी जेल गया था और लगभग दो महीने पहले ही जेल से छूटकर आया था।
इसी पुरानी रंजिश और बदला लेने के इरादे से अंशु यादव और उसके साथियों ने आर्यन को गोली मारकर घायल कर दिया। इस संबंध में मुफस्सिल थाना में कांड संख्या-361/26, 8 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विशाल आनंद के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम (SIT) गठित की गई।
इस टीम ने तकनीकी जांच और मिली जानकारी के आधार पर एक घंटे के भीतर छापेमारी कर घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अग्रतर कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम
01. अंशु यादव, उम्र 20 वर्ष, पिता संतोष यादव सा0 बरमसिया, थाना सहायक जिला कटिहार।
02. सुधांशु कुमार उम्र 22 वर्ष पिता विनोद कु0 सिंह सा0 तेजा टोला थाना सहायक जिला कटिहार।
03. आकाश कुमार उम्र 21 वर्ष पिता हरिनंदन कामत सा0 हृदयगंज थाना सहायक जिला कटिहार।
04. अमन कु0 सिंह उम्र 19 वर्ष पिता अविनाश कु0 सिंह सा0 तेजा टोला थाना सहायक जिला कटिहार।
05. अजय कुमार उम्र 19 वर्ष पिता महेन्द्र झा सा0 हृदयगंज थाना सहायक जिला कटिहार।
बरामद सामानों की लिस्ट
01. घटना में प्रयुक्त हथियार (पिस्टल)-01, 02. जिंदा कारतूस-09, 03. मैगजीन-02, 04. मोबाईल-05, 05. मोटरसाईकिल-03
