अपने गृह जिला मुंगेर और विधानसभा क्षेत्र तारापुर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई कार्यक्रमों में शिरकत की
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
तारापुर लखनपुर में अपनी माता पार्वती देवी की चौथी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री गंगटा मोड़ पहुंचे, जहां आयोजित विशाल जनसभा में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि डीबीटी के जरिए लाभार्थियों के खाते में भेजी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एनएच-333 के चौड़ीकरण समेत कई विकास योजनाओं की सौगात दी। साथ ही गंगटा और भीमबांध को बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का भरोसा दिलाया।
तारापुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सबसे पहले लखनपुर स्थित अपनी माता पार्वती देवी के पैतृक आवास पहुंचे। यहां उनकी चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित सादे समारोह में मुख्यमंत्री ने शांति पूजन और हवन में हिस्सा लिया। इसके बाद माता पार्वती देवी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से गंगटा मोड़ पहुंचे, जहां उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे जनसभा में खासकर महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर राज्यभर के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में अगस्त महीने की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई
कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
गंगटा की जनसभा से मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को विकास की कई सौगातें भी दीं। एनएच-333 के गंगटा से कोहबरवा मोड़ पथ के चौड़ीकरण समेत कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण से मुंगेर, जमुई और आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा और कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने गंगटा और भीमबांध को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि भीमबांध को टूरिज्म हब के तौर पर विकसित किए जाने से इलाके में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार के जरिए अगले पांच वर्षों में बिहार को समृद्ध और विकसित राज्य बनाने का संकल्प दोहराया। वहीं, बाढ़ की स्थिति को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेज करने, कम्युनिटी किचन, मेडिकल कैंप और राहत सामग्री का वितरण तय मानकों के अनुसार सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं को भी निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने की हिदायत दी।
वहीं, बांग्लादेश के साथ जल समझौते के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से इस मामले में बात की है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, बिहार को जरूरत के समय पानी मिल सके, इस दिशा में बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समझौते के तहत पानी लेने की अवधि सीमित है और बिहार के हित में इस मुद्दे पर आगे बात की जाएगी।
