किशनगंज, नजमुल हसनैन जकी।
आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन-2025 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन की तैयारी के तहत समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज ने की।
बैठक में जिलान्तर्गत गठित सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों ने भाग लिया। जिला पदाधिकारी ने निर्वाचन कार्यों की सुव्यवस्थित तैयारी और निर्वहन हेतु विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्रवार (AC-wise) सभी मतदान केन्द्रों का मानचित्रण (बूथ मैप) शीघ्र तैयार किया जाए। साथ ही मतदान कार्य में संलग्न किए जाने वाले कर्मियों की उपलब्धता का समुचित आकलन भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक कोषांग का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी नोडल पदाधिकारियों को आवश्यक समन्वय बनाए रखने और सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में निर्वाचन कार्यों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई और कार्ययोजना को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
