ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र के प्लस टू उच्च विद्यालय पटेसरी के प्रांगण में निर्माणाधीन दो कमरे वाली लाइब्रेरी भवन की दीवार गिरने का मामला सामने आया है। यह घटना निर्माण कार्य के दौरान ही हुई, जिससे संवेदक द्वारा किए जा रहे कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने बताया कि भवन का निर्माण अभी पूरा भी नहीं हुआ था कि दीवार अचानक ढह गई। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने चिंता जताई कि यदि इसी तरह का निर्माण कार्य जारी रहा तो भविष्य में यह स्कूली बच्चों की जान के लिए खतरा बन सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि संवेदक द्वारा मानकों की अनदेखी कर जल्दबाजी में काम कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से इस मामले की जांच कर दोषी संवेदक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बढ़ाने की भी अपील की गई है।
इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन भी सतर्क हो गया है और निर्माण स्थल के आसपास छात्रों के जाने पर रोक लगा दी गई है
